अनूपपुर: अगवा नाबालिग तेलंगाना से बरामद, आरोपी युवक पहुंचा जेल
अनूपपुर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर पुलिस ने एक महीने पहले लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग को तेलंगाना से बरामद कर गुरुवार को अनूपपुर लाकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में किशोरी को भगाने वाले आरोपी श्यामनारायण केवट को भी गिरफ्तार किया गया है। जिसे आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले के सादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चटानपल्ली से किशोरी को दस्तयाब किया। आरोपी 23 वर्षीय श्यामनारायण केवट अनूपपुर के ग्राम बिजौडी का निवासी जो तेलंगाना में एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि 15 अप्रैल को किशोरी के अचानक घर से लापता होने की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी श्यामनारायण केवट का किशोरी से पहले से परिचय था। उसने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने साथ तेलंगाना ले गया था। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ और सायबर सेल की मदद से किशोरी की तलाश की। आरोपी पर कई धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

