home page

पुलिस ने 24 घंटे में अपहृत अनीसुर रहमान को किया सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने 24 घंटे में अपहृत अनीसुर रहमान को किया सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार


किशनगंज, 02 मई (हि.स.)। जिले में अपहरण के एक मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए अपहृत अनीसुर रहमान को सकुशल बरामद कर लिया।

इस दौरान पुलिस ने अपहरण में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे वादिनी अफसाना खातून ने आदर्श थाना किशनगंज में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनके पति अनीसुर रहमान का तीन नंबर रेलवे गुमटी के पास से अपहरण कर लिया गया है।

अपहरणकर्ताओं द्वारा परिजनों से फिरौती की मांग की जा रही थी तथा रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 461/26 के तहत बीएनएस की धारा 140(2)/3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सुरक्षित बरामद कर लिया।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मो. जाहिर हुसैन (नोनिया टोली) और मंजर आलम (चकला बेलवा कदुबारी) को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनीसुर रहमान से 3.5 लाख रुपये का बकाया था, जिसे लेकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया।

छापेमारी दल में अंचल पुलिस निरीक्षक राजा, सदर थानाध्यक्ष निसार अहमद, जिला आसूचना इकाई की टीम, धनपुरा पिकेट प्रभारी प्रदीप कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह