नाबालिग से छेड़छाड़ कर अपहरण का प्रयास, एक गिरफ्तार
बहराइच, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच में हरदी थाना क्षेत्र के गांव में नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ और अपहरण का प्रकरण प्रकाश में आया है। वारदात से नाबालिग के परिवारजन खौफजदा हैं। परिवार जनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्यवाई की मांग की है।
नाबालिग की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वारदात बीती रात को घटित हुई। नाबालिग छत पर सो रही थी,मोबाइल चार्ज करने कमरे में गई तभी गांव निवासी युवक ने दो अज्ञात साथियों संग उसे पकड़ लिया। तहरीर के अनुसार तीनों युवकों ने नाबालिग से छेड़छाड़ की और जबरदस्ती घर से बाहर ले जाने का प्रयास किया।
नाबालिग के चीखने की आवाज सुनकर परिवारजन एवं पास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ इकट्ठा होता देख आरोपित मौके से भाग निकले। वारदात की जानकारी डायल 112 को दी गई। 112 पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। नाबालिग के परिजनों ने बताया कि आरोपित दबंग किस्म के हैं जिसके कारण परिवारीजन खौफजदा हैं।
थानाध्यक्ष हरदी आलोक सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करा लिया गया है। पीड़िता को उसके परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गम्भीरता से जांच की जा रही है। नाबालिग के 164 के बयान के आधार पर अग्रिम विवेचना में धाराओं में वृद्धि की जाएगी एवं फरार अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि साक्ष्यों और तथ्यों के अनुसार अभियुक्तों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

