home page

एक साल बाद दहेज उत्पीड़न कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार*

 | 

बकसर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर निवासी एक विवाहित युवती के दहेज उत्पीड़न से जुड़े चर्चित मामले में पुलिस ने मैराथन प्रयास करते हुए मुख्य आरोपित को एक साल बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया है ।

गिरफ्तार प्राथमिक अभियुक्त को दिल्ली से नया भोजपुर थाना लाकर जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया । पुलिस के अनुसार वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था । विदित हो की दहेज उत्पीड़न तथा मानसिक उत्पीड़न के बीच विवाहित युवती की मौत हो गई थी । जिसको लेकर पुराना भोजपुर निवासी मृत विवाहिता के पिता मदन शुक्ला ने अपने दामाद समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी । जिसके आलोक में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी थानाध्यक्ष स्व. राधामोहन ओझा के पुत्र राहुल कुमार ओझा की दिल्ली से गिरफ्तारी हुई है ।

दर्ज प्राथमिकी में मृतका के पिता ने आरोप लगाया था की उनकी पुत्री ज्योति कुमारी की शादी 28/02/2017 को हिंदू रीति-रिवाजों के साथ गायघाट निवासी राहुल ओझा के साथ हुई थी ।

शादी के बाद इनके दो बच्चे भी हुए । इस दौरान ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग के साथ उनकी पुत्री को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के साथ मारपीट की जाने लगी । जिसको उन्होंने कई बार सामाजिक रूप से सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ । इस बीच ज्योति को दिल्ली भी ले जाया गया । जहां उसके साथ लगातार मारपीट की जाती रही । साल 2023 में वह मायके लौट आई ।

बाद में न्यायालय के आदेश पर उसे पुनः ससुराल भेजा गया । वहां उसकी तबियत लगातार बिगड़ती चली गई तथा इलाज के अभाव में काफी तबियत खराब होने के बाद उसे पिछले साल पीएमसीएच पटना में एडमिट कराया गया । जहां 26/09/2025 को उसकी मौत हो गई । इस बारे में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया की दर्ज कांड संख्या 109/25 में धारा 85/80(2)/3(5) के प्राथमिक अभियुक्त राहुल कुमार ओझा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra