home page

राजगढ़ः आम के पेड़ पर लटका मिला व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा

 | 
राजगढ़ः आम के पेड़ पर लटका मिला व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका पर परिजनों का हंगामा


राजगढ़, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पाटन में शुक्रवार को एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव खेत में लगे आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक ग्रामीण पर आरोप लगाए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम पाटन निवासी बीरमसिंह (55) पुत्र पृथ्वीसिंह वर्मा का शव उनके खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सुबह मृतक के बेटे ने शव देखा और परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने बताया कि बीरमसिंह गुरुवार शाम रोज की तरह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। शुक्रवार सुबह खेत पर उनका शव पेड़ से लटका मिला।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति से उनका विवाद चल रहा था और उसी ने उनकी हत्या की है। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की गहन जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक