नशीली टैबलेट के साथ एक युवक गिरफ्तार
धमतरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। 140 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब्त टैबलेट की कीमत 42 हजार रुपये आंकी गई है।
सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के मराठापारा क्षेत्र में एक युवक प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के अवैध परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पालीथीन में रखे 140 नग एनआरएक्स नाइट्राजेपाम टैबलेट्स आईपी बरामद की गईं। औषधि निरीक्षक सुमीत देवांगन द्वारा मौके पर भौतिक सत्यापन किए जाने पर टैबलेट का कुल वजन 1.4 ग्राम पाया गया। पुलिस ने नशीली टैबलेट के परिवहन में उपयोग किये स्कूटी को भी जब्त किया गया।पूछताछ में आरोपित ने सप्लायर का नाम बताया है।
गिरफ्तार आरोपित विशेष शर्मा 22 वर्ष निवासी मराठापारा धमतरी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में आरोपित ने उक्त नशीली टैबलेट कहां से प्राप्त करता था, उसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है। प्रकरण में इससे जुड़े कड़ी की भी तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय धमतरी के समक्ष न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

