राईसमिल में युवती पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपित हिरासत में
धतमरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। कुरूद-भोथली मार्ग पर संचालित एक राईसमिल में शुक्रवार सुबह उस समय
अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने वहां काम करने वाली युवती पर चाकू से
ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
चीख-पुकार सुनकर राईसमिल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल युवती को
तत्काल कुरूद अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे
बेहतर उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी
है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कुरूद पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में
लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोंडागांव
क्षेत्र निवासी अनीता मंडावी कुरूद-भोथली रोड स्थित राईसमिल में रेजा का
काम करती है। वहीं भाठागांव निवासी दुलेश्वर टंडन भी पूर्व में इसी राईसमिल
में काम करता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। बताया गया कि दुलेश्वर
वर्तमान में राईसमिल में काम नहीं करता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे
अनीता काम खत्म करने के बाद अपनी सहेली के साथ कमरे में आराम कर रही थी।
इसी दौरान दुलेश्वर टंडन चाकू लेकर वहां पहुंचा और अनीता पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच
गई। अनीता की सहेली ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरो वहां से
भाग निकला। हमले में घायल अनीता खून से लथपथ होकर कमरे में पड़ी थी। उसकी
हालत देखकर राईसमिल के कर्मचारियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे धमतरी जिला अस्पताल
रेफर किया गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही कुरूद पुलिस सक्रिय हुई और
आरोपी दुलेश्वर टंडन को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से घटना के कारण
और हमले में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

