उज्जैनः गोलीकांड में फरार आरोपी को शहर से बाहर भेजने में एक युवती की भूमिका
उज्जैन, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन की हीरामिल की चाल के समीप जीरो पाइंट ब्रिज के नीचे 6 दिन पहले रात में हुए गोलीकांड के फरार आरोपी को बचाने और शहर से बाहर भगाने में मदद करने वाले 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक बाइक और स्कूटी जब्त की हैं। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एक युवती की भूमिका भी सामने आई है।
देवासगेट थाना पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना वाले दिन विष्णुपुरा निवासी लव पर जानलेवा हमला किया गया था। बदमाशों ने उसके दोनों पैरों में गोली मार दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी जय उर्फ बच्चा चौहान को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में सामने आया था कि वारदात में अनमोल गुर्जर और विकास सिरोलिया भी शामिल थे, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी विकास सिरोलिया निवासी छोटी मायापुरी को भी गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड के दौरान विकास ने अहम जानकारी पुलिस को दी थी। उसने उन लोगों के नाम बताए, जिन्होंने अनमोल गुर्जर को पुलिस से बचाने, ठिकाना उपलब्ध कराने और शहर से बाहर भगाने में मदद की थी।
युवती ने भी की थी मदद
विकास से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर नवनीत नायक निवासी जयसिंहपुरा, यशवंत उर्फ यश कौशल निवासी नानाखेड़ा, जतिन सूर्यवंशी निवासी महाकाल मार्ग, प्रीतम ठाकुर निवासी ढांचा भवन और संजय नगर निवासी युवती शीतल को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बाइक और स्कूटी भी जब्त की है।
हिस्ट्रीशीटर का भाई है आरोपी
फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी अनमोल गुर्जर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है, जिसकी जांच जारी है। गौरतलब है कि अनमोल गुर्जर कुख्यात बदमाश रौनक गुर्जर का भाई है। उस पर भी कई मामलों में प्रकरण दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

