उमरिया : भदार नदी में मछली पकड़ने गए युवक की संदिग्ध मौत, साथी ने लगाई फांसी; तीन दिन बाद मिले शव
उमरिया, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया ले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर चौकी के ग्राम अमरपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भदार नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि घटना के खुलासे के बाद उसके एक साथी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव तीन दिन बाद बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर निवासी 25 वर्षीय रमाकांत कचेर पुत्र गुलाब कचेर अपने पांच-छह साथियों के साथ भदार नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह कथित रूप से बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ मौजूद युवक घबरा गए और किसी को सूचना दिए बिना वहां से चले गए।
जब रमाकांत तीन दिनों तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर अमरपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और रमाकांत के साथ गए युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बेशर्म की झाड़ियों से रमाकांत का शव बरामद किया।
इसी बीच घटना से जुड़े एक अन्य युवक संदीप उर्फ बूंदे ढीमर (28) पुत्र हरछट ढीमर ने अपने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना सामने आने के बाद वह मानसिक तनाव में था। वहीं, अन्य साथी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
मंगलवार को अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया रमाकांत की मौत करंट लगने से होने की आशंका है, जबकि संदीप की मौत फांसी लगाने से हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि नदी में करंट कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है तथा फरार युवकों की तलाश जारी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में पदस्थ डॉ. शिव प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान रमाकांत के शरीर पर करंट लगने जैसे निशान पाए गए हैं। हालांकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी। रिपोर्ट दो से तीन दिनों में प्राप्त होने की संभावना है।
घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए यह आशंका भी जताई जा रही है कि मछली पकड़ने के लिए नदी में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

