देवरिया : युवती से मिलने आए युवक ने भाई पर धारदार हथियार से किया हमला, सीओ सिटी ने निजी एंबुलेंस से भेजा अस्पताल
देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मदिरापाली भरथ राय टोला में रविवार की शाम सोशल मीडिया के जरिए नजदीकियां बढ़ने पर एक युवती से मिलने युवक पहुंचा। यहां उसने धारदार हथियार से हमला कर युवती के 17 वर्षीय भाई को धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल हालत में नाबालिग लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे गोरखपुर रेफर किए जाने पर सीओ सिटी की मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली और उन्होंने निजी एंबुलेंस करते हुए घायल को उपचार के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जनपद का एक युवक देवरिया जिले में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से मिलने आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने युवती के भाई मुद्दीन (१७) पुत्र छेदी खान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी पर घायल के परिजन और ग्रामीण पहुंचे और उसे तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान 108 एंबुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही सामने आई। परिजन और पुलिसकर्मी करीब डेढ़ घंटे तक 108 एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी (सिटी) संजय कुमार रेड्डी ने तत्काल निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। बताया जा रहा है कि निजी एंबुलेंस का खर्च भी सीओ ने स्वयं वहन किया, जिसके बाद घायल को बिना और देरी किए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
घटना की रामपुर कारखाना थाना प्रभारी राकेश कुमार राय और अन्य पुलिसकर्मी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। फिलहाल युवती से आरोपित के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसकी गिरफ्तारी ई जा सके।
इस मामले में 108 एंबुलेंस सेवा के समय पर नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि आपातकालीन सेवा में इस तरह की देरी गंभीर मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं सीओ सिटी की त्वरित पहल और संवेदनशीलता की परिजनों व स्थानीय लोगों ने सराहना की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

