home page

उज्जैनः आगर रोड पर शराब दुकान के पास युवक की चाकू मारकर हत्या

 | 
उज्जैनः आगर रोड पर शराब दुकान के पास युवक की चाकू मारकर हत्या


उज्जैन , 02 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन में आगर रोड पर शराब दुकान कुछ ही दूरी पर बुधवार की रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह लोगों की नजर सडक़ किनारे पड़ी लाश पर गई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने बताया कि आगर रोड स्थित शराब दुकान से कुछ ही दूरी पर आरिफ उर्फ भूरा पुत्र गफ्फार मंसूरी 28 वर्ष निवासी बेगमबाग कब्रिस्तान की चाकू से गोदकर अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। गुरूवार सुबह सूचना मिलते ही मौके पर सीएसपी पुष्पा प्रजापति और चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए थे। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के बड़े भाई सिकंदर ने पुलिस को बताया कि आरिफ नशे का आदी था। पहले वह चरस और स्मैक का सेवन करता था, लेकिन इलाज के बाद उसने वह सब छोड़ दिया था। फिलहाल वह केवल शराब पीता था। पुलिस ने पीएम के बाद शव को परिजनों को सौप दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक के शरीर पर चाकू के 4 से 5 घाव मिले हैं। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शराब लेने के निकला था घर सेपरिजनों ने पुलिस को बताया कि आरिफ बुधवार रात घर से शराब लेने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह उसकी हत्या की सूचना मिली। पुलिस अब उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को शंका है कि संभवत: शराब पीने के दौरान विवाद के बाद आरोपियों ने आरिफ के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया होगा। जिसके चलते उसक मौत हो गई।

जल्द पकड़े जाएंगें आरोपी

इसी संबंध में सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने कहा कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकडऩे का दावा किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल