home page

75 हजार रुपये की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त

 | 
75 हजार रुपये की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त


आगरमालवा, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोयतकलां पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.39 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों और पुलिस बल के साथ आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इंदौर-कोटा रोड पर ग्राम कल्याणपुरा में बजरंग दांगी के कुएं के पास भैरू महाराज मंदिर के सामने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान नीरज राठौर (25), पिता राजाराम राठौर, निवासी वार्ड क्रमांक 6, गरीबदासपुरा, सोयतकलां के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान युवक की पैंट की जेब में रखी छोटी पॉलीथिन से 7.39 ग्राम स्मैक और एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मिला। पुलिस ने दोनों सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने और उसका परिवहन करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं मिली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सोयतकलां में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा