home page

युवक ने खुद को लगाई आग: गर्लफ्रेंड को डराने के लिए बना रहा था वीडियो

 | 
युवक ने खुद को लगाई आग: गर्लफ्रेंड को डराने के लिए बना रहा था वीडियो


जयपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। कालवाड़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने गर्लफ्रेंड को डराने के लिए खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना में युवक करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गया। जिसे गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसका फिलहाल इलाज चल रहा है।

एसीपी (झोटवाड़ा) आलोक कुमार सैनी ने बताया कि कालवाड़ निवासी 23 वर्षीय युवक ने शनिवार देर रात को शराब के नशे में घर के पास स्थित एक मंदिर के पास बैठकर मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड करते हुए सुसाइड का नाटक कर रहा था, ताकि वह वीडियो अपनी गर्लफ्रेंड को भेजकर उसे डरा सके।

वीडियो बनाते समय युवक ने पहले अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इसके बाद जैसे ही उसने माचिस जलाई, उसकी टी-शर्ट पर लगे पेट्रोल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते वह लपटों में घिर गया।

आग लगने के बाद युवक किसी तरह घर पहुंचा और शोर मचाया। परिजनों के पूछने पर वह बार-बार अलग-अलग बातें करता रहा—कभी करंट लगने तो कभी किसी अन्य द्वारा आग लगाने की बात कही, लेकिन बाद में उसने खुद आग लगाने की बात स्वीकार की। परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया।

एसीपी (झोटवाड़ा) ने बताया कि सूचना मिलते ही कालवाड़ थाना पुलिस एसएमएस अस्पताल पहुंची और बर्न वार्ड में भर्ती युवक के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह शराब के नशे में सुसाइड का ड्रामा कर वीडियो बना रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश