सहरसा मे सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत
सहरसा, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र के सरोजा पंचायत के कोपरिया टोला वार्ड संख्या 14 निवासी 24 वर्षीय मनीष कुमार की सड़क हादसे में मौत के बाद गुरुवार को गांव में मातम छा गया। युवक का शव गांव पहुंचते ही में चीख-पुकार मच गई। मात्र आठ माह पहले शादी के बंधन में बंधी पत्नी नैना कुमारी पति की मौत की खबर सुनकर रो-रोकर बेसुध हो गई। परिजन को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक मनीष कुमार, कैलाश राय का पुत्र था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दो भाइयों में सबसे बड़ा होने के कारण परिवार की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। उसकी शादी इसी वर्ष 26 फरवरी को सत्तर कटैया प्रखंड के रकिया गांव निवासी नैना कुमारी के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद पति की असमय मौत से पत्नी और परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। '
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

