वाहन चेकिंग के दौरान देसी कट्टे के साथ एक युवक गिरफ्तार
सारण, 27 मई (हि.स.)। सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत रसूलपुर थाना पुलिस को एक सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रसूलपुर थाना गेट के समीप पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक पुलिस बल को देखकर अपनी गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उपलब्ध बल के सहयोग से उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए युवक की जब सघन तलाशी ली गई तो उसके कमर से एक अवैध देशी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथियार और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुमार पिता विनोद राम, निवासी बगौरा टोला बंगरा, थाना- दरौंदा, जिला- सीवान के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रसूलपुर थाना कांड संख्या 172/26 के तहत आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

