क्रशर प्लांट में अवैध बारूद ब्लास्ट में मजदूर की गई थी जान, एसी फटने की बात निकली झूठी
महोबा, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के पनवाड़ी स्थित गुगौरा क्रशर प्लांट में हुए धमाके को लेकर खनिज विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि यह हादसा अवैध विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ था, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई। एसी फटने का दावा झूठा निकला है। पुलिस ने क्रशर संचालक सहित पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में शनिवार को मामला दर्ज किया है।
खान अधिकारी आर.बी. सिंह ने पनवाड़ी थाना में दी तहरीर में बताया कि गुरुवार को बुंदेलखंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड गुगौरा में ब्लास्ट की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसमें धरौन निवासी प्रखर कुशवाहा की मौत हो गई थी, जबकि पनवाड़ी निवासी लालाराम गंभीर रूप से घायल हो गया था।
खनन अधिकारी ने बताया कि यह क्रशर प्लांट मोहित राजपूत व चार अन्य के नाम दर्ज है। जांच में सामने आया कि पास में ही इन्हीं के नाम पर खनन पट्टा है, जहां पर खनन कार्य संचालित होता है। खनन पट्टे में विस्फोट के लिए अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री क्रशर प्लांट में बने कमरे में रखा गया था। जिसमें विस्फोट होने से सनसनीखेज घटना घटित हुई है। प्रशासन ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
पनवाड़ी थाना प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी की तहरीर पर क्रशर संचालक मोहित राजपूत और चार अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 110, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 5 और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

