संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से महिला घायल
देवरिया, 29 मई (हि.स.)। जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ककवल गांव में शुक्रवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को पहले महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया ।
ककवल गांव निवासी 50 वर्षीय कुसुमलता पत्नी अशोक कुमार के घर में एक लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे अचानक घर के अंदर गोली चल गई। गोली कुसुमलता के दाहिने हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली चलने की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तत्काल उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया ।
चिकित्सकों के अनुसार, गोली लगने से उनके हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर भी हो गया है। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि गोली कैसे चली और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर परिवार के सदस्य कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने से बच रहे हैं। पुलिस भी मामले को संदिग्ध मानकर जांच में जुट गई है।
इस संबंध में थानेदार डा . महेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली गलती से चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

