88 हजार रुपये की स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 31 मई (हि.स.)। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलिया थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22.50 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 88,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की टीम लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में पलिया थाना पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना और चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान बलराम सिंह पुत्र रामभरत निवासी मोहल्ला रंगरेजान तृतीय, कस्बा व थाना पलिया, जनपद खीरी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा जब अभियुक्त की जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से 22.50 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी के काम में इस्तेमाल की जा रही एक वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन और मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त की जा रही एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP31AC8339) को भी मौके से जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त बलराम सिंह एक शातिर किस्म का पेशेवर अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले भी उसके खिलाफ थाना पलिया में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस सहित विभिन्न धाराओं में गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी की सभी विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

