मुठभेड़ में शातिर लुटेरा गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी साथी फरार
जौनपुर,17 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना। अंतर्गत पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका 25 हजार रुपये का इनामी साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने एक देशी तमंचा कारतूस और 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में खुटहन पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित इनामी बदमाश रविंद्र वर्मा अपने साथी के साथ क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामअवध इंटर कॉलेज, रसूलपुर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही रविंद्र वर्मा ने अपने साथी अखिलेश यादव को फायरिंग के लिए उकसाया, जिस पर अखिलेश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि पुलिस की सतर्कता से कोई हताहत नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने अखिलेश यादव (निवासी आजमगढ़) को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि रविंद्र वर्मा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि वह रविंद्र वर्मा के गिरोह का सदस्य है और दोनों लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। पुलिस को देखकर साथी के कहने पर उसने फायरिंग की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह बाइक से गिर गया और पकड़ा गया।अखिलेश यादव पर लूट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और शस्त्र अधिनियम समेत दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित पर खुटहन थाना पर सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार इनामी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

