पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
नोएडा, 27 मई (हि.स.)। थाना जारचा पुलिस ने बुधवार की सुबह मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूटपाट, चोरी, गैंगस्टर सहित 17 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी है।
पुलिस उपायुक्त जोन (तृतीय) डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना जारचा पुलिस आज सुबह चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार होकर कुछ बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें गोली ग्राम कलौदा निवासी शहजाद के पैर में लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद किया है। बदमाश के खिलाफ पूर्व में लूटपाट, चोरी , गैंगस्टर सहित 17 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अभियुक्त के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। यह बदमाश गैंग बनकर लूटपाट और चोरी करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

