ऊना पुलिस ने छह घंटे में लुधियाना से बरामद किया डेढ़ लाख का फोन
ऊना, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला पुलिस ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन गुम होने के महज छह घंटे के भीतर उसे पंजाब के लुधियाना से बरामद कर लिया। बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 नवंबर को पुलिस थाना अंब में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही जिला पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू की। तकनीकी सहायता और प्रभावी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने महज छह घंटे के भीतर मोबाइल फोन को लुधियाना (पंजाब) से बरामद करने में सफलता हासिल की।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस थाना अंब के प्रभारी निरीक्षक विपन शर्मा के नेतृत्व एवं निर्देशन में की गई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बरामद मोबाइल फोन उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि अंब थाना में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायत प्राप्त हुई थी जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अंब पुलिस ने इसे छह घंटों के बीच लुधियाना से बरामद करके मालिक को सौंप दिया। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या किसी आपराधिक घटना की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल

