home page

भर्तहरी गुफा मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी टवेरा पलटी, 12 से अधिक घायल

 | 
भर्तहरी गुफा मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी टवेरा पलटी, 12 से अधिक घायल


उज्जैन, 4 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में भर्तहरी गुफा मार्ग पर गुरुवार दोपहर महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं से भरी एक टवेरा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्री वाहन के भीतर फंस गए।

जानकारी के अनुसार श्रद्धालु ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन करने के बाद भर्तहरी गुफा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा और टवेरा पलट गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला तथा घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस मार्ग पर दुर्घटना हुई वहां घाट निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क के एक हिस्से में खुदाई की गई है, जबकि दूसरी ओर दीवार होने से रास्ता संकरा हो गया था। माना जा रहा है कि इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चरक अस्पताल भेजा गया। जीवाजीगंज थाना पुलिस के अनुसार सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल