अनूपपुर में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार जीप, तीन की मौत; दो सगे भाई और वाहन मालिक मृतकों में शामिल
अनूपपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार जीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में जीप सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो सगे भाई और जीप का मालिक शामिल है। मृतकों में एक भारतीय सेना का जवान भी था, जो दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था।
हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय दीनबंधु विश्वकर्मा, 26 वर्षीय विनीत विश्वकर्मा और 32 वर्षीय मोहम्मद करीम निवासी धनगवां के रूप में हुई है। विनीत सेना में जवान था, जबकि मोहम्मद करीम वाहन का मालिक था। हादसे में धनगवां निवासी 30 वर्षीय राजू तिवारी, पिता सुरेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है।
दोस्त की शादी में शामिल होने घर लौट रहा था सेना का जवान
हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र पहुंचे। विनीत के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा सेना में जवान था। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था। विनीत रात करीब तीन बजे ट्रेन से अनूपपुर पहुंचा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी के साथ घर लौट रहा था।
जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें छूलहा गांव के पास हुए हादसे की जानकारी नहीं थी। सोमवार सुबह पुलिस ने परिवार को दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। पिता लोहारी का काम करते हैं।
बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था वाहन मालिक
तीसरे मृतक मोहम्मद करीम का परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। करीम जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। उसकी शादी नहीं हुई थी। हादसे के समय उसके पिता शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे।
ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद होने की बात आई सामने
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों व मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल राजू तिवारी का उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू ने बताया कि सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था। पोस्टमार्टम के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

