home page

19.18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार

 | 
19.18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार


अररिया 22 नवम्बर(हि.स.)।

भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी 'डी' समवाय बेला के जवानों ने बीती रात 19.18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया।एसएसबी ने यह कार्रवाई भारत नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 198/2 से लगभग 30 मीटर भारतीय क्षेत्र में बसमतिया थाना क्षेत्र बेला के वार्ड संख्या 07 में एक विशेष नाका अभियान के दौरान की। 19.18 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर और एक मोटरसाइकिल के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार किया गया।

मिली गुप्त सूचना पर सहायक उप-निरीक्षक के नेतृत्व में कुल चार जवानों की एक विशेष नाका पार्टी को चिन्हित स्थान पर तैनात किया गया था। अभियान के दौरान, एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर भारत से नेपाल की ओर जाता हुआ दिखाई दिया। जवानों द्वारा संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की गई, जिस पर वह घबराने लगा।

संदेह गहराने पर उसकी विधिवत तलाशी ली गई, जिसके दौरान उसके पास से प्लास्टिक में बंधा हुआ चिपचिपा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर मौजूद मादक पदार्थ जांच किट से परीक्षण करने पर उक्त पदार्थ के ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई। प्लास्टिक सहित कुल वजन 19.18 ग्राम पाया गया।

गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला के लौकही थाना क्षेत्र के भोखरा नरसिंह निवासी 21 वर्षीय सुरेन कुमार मंडल पिता रामप्रीत मंडल के रूप में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह एक वाहक के रूप में कार्य कर रहा था और बेला बाजार से एक अज्ञात व्यक्ति से यह खेप लेकर नेपाल के भोखरा नरसिंह में किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंपने जा रहा था।

एसएसबी टीम द्वारा बरामद 19.18 ग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए बसमतिया थाना पुलिस के सुपर्द कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर