उमरिया : भीषण गर्मी में चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचा चालक
उमरिया, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पनपथा-मझौली मार्ग पर सोमवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। हादसे में चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम डिहिया निवासी धर्मेंद्र प्रजापति अपनी रेनॉल्ट ट्राइबर कार से शहडोल जिले के ग्राम पोड़ी किसी रिश्तेदार को छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय सुबह करीब 11 बजे ग्राम मझौली के पास कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। इस पर चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोकी और बोनट खोलकर देखने का प्रयास किया।
इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सड़क किनारे पड़ी लकड़ियों और लेंटाना झाड़ियों को हटाया, ताकि आग आसपास के जंगल तक न फैल सके।
इंदवार थाना प्रभारी विजय सिंह पटले ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का लग रहा है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में इन दिनों तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। तेज गर्मी के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले घुनघुटी क्षेत्र में भी एक कार जलने की घटना सामने आई थी। प्रशासन ने वाहन चालकों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी

