पन्ना: खेत में मिली बंदूक से नाबालिग को लगी गोली, हालत गंभीर
पन्ना, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुडौर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक 14 वर्षीय बालक को गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुडौर गांव निवासी नक्स चौधरी (14), पिता शशि कुमार चौधरी, बुधवार दोपहर खेत की ओर खेलने गया था। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान उसे खेत में एक बंदूक पड़ी मिली। बालसुलभ जिज्ञासा में उसने उसे उठाया और अनजाने में ट्रिगर दब गया, जिससे गोली उसके पेट में जा लगी।
घटना के बाद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
खेत में बंदूक मिलने से उठे सवाल
इस घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर लोडेड बंदूक खेत में कैसे पहुंची। क्या यह वास्तव में लावारिस पड़ी थी या इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है। इसे लेकर संदेह बना हुआ है।
सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि बंदूक किसकी थी और वह खेत तक कैसे पहुंची। फिलहाल बालक की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

