यमुनानगर: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की हुई मौत

यमुनानगर, 10 मई (हि.स.)। रादौर थाना क्षेत्र के गांव छारी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनाें को सौप दिया। पुलिस ने मामले में मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज व हत्या के आरोप में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
शनिवार को गांव दुबली निवासी उषा रानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी 25 वर्षीय बेटी जीतो देवी उर्फ रेणु की शादी दो साल पहले गांव छारी निवासी टोनी कुमार के साथ की थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर अपनी लड़की को विदा किया था। मगर शादी में दिए गए दहेज से उसका पति व ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। शादी के बाद से ही आरोपी उसकी बेटी पर अधिक दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। उषा रानी ने बताया कि आरोपी उसकी लड़की को दहेज के लिए परेशान करते थे। उसके पास छह माह की एक बेटी है।
उन्होंने बताया कि उन्हें देर शाम सूचना मिली थी कि उनकी लड़की की तबीयत खराब है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि उसकी लड़की मृत हालत में घर में पड़ी है। उन्होंने यह आरोप लगाया कि टोनी कुमार, जॉनी, कमलेश देवी व गुरमीत कौर ने उसकी लड़की को दहेज के लिए पीट-पीट कर हत्या की है। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। रादौर थाना पुलिस के जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौप दिया। मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग