home page

बेगूं में घर के बाहर खड़ी कमांडर जीप में लगाई आग, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

 | 
बेगूं में घर के बाहर खड़ी कमांडर जीप में लगाई आग, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज


चित्तौड़गढ़, 29 मई (हि.स.)। जिले के बेगूं में एसबीआई बैंक के पास बीती रात घर के बाहर खड़ी कमांडर जीप में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आग से जीप का हुड, सीटें और बैटरी पूरी तरह जल कर राख हो गई। वाहन मालिक ने रंजिश के चलते आग लगाने का आरोप लगाते हुए बेगूं थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

पुलिस के अनुसार एसबीआई बैंक के पास किराए के मकान में पत्नी के साथ रहने वाला कमरूद्दीन अपनी कमांडर जीप को बेगूं से लाडपुरा मार्ग पर सवारी जीप के रूप में चला कर गुजारा करता हैं। गुरुवार

देर रात करीब 2 बजे पड़ोसियों ने कमरूद्दीन को सूचना दी कि घर के बाहर खड़ी उसकी कमांडर जीप में आग लगी है। कमरूद्दीन मौके पर पहुंचा तो जीप धू-धू कर जल रही थी। वाहन मालिक ने पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक जीप का हुड, सीटें और बैटरी जल कर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। शुक्रवार सुबह वाहन मालिक कमरूद्दीन ने बेगूं पुलिस थाने पहुंच कर अज्ञात लोगों के खिलाफ रंजिश के चलते जीप में आग लगाने का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस आस-पास के सीसी टीवी फुटेज खंगाल रही है और रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। फिलहाल आग लगाने वालों का कोई सुराग नहीं लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल