home page

अशोकनगर: शौकीन चोर ताला तोडक़र उड़ा ले गया राजश्री और विमल, पुलिस भी हैरान!

 | 
अशोकनगर: शौकीन चोर ताला तोडक़र उड़ा ले गया राजश्री और विमल, पुलिस भी हैरान!


अशोकनगर, 15 मार्च (हि.स.)। अक्सर चोरों के निशाने पर सोना, चांदी या भारी नकदी होती है, लेकिन मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के शाढौरा में एक ऐसा अतरंगी चोर सक्रिय हुआ है, जिसे शायद अपनी लत पूरी करने की जल्दी थी। रविवार को पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस को इस चोरी की इत्तला मिली, तो सामान की फेहरिस्त देख खाकी वर्दीधारी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

तडक़े सुबह दिया गुटका कांड को अंजाम:घटना शाढौरा कस्बे के गुना रेलवे फाटक के पास की है। यहां भूरेलाल यादव की पान-चाय और गुटके की एक छोटी सी गुमटी है। अलसुबह, जब पूरा कस्बा गहरी नींद में था, अज्ञात चोर ने गुमटी के ताले चटका दिए। हैरानी की बात यह रही कि चोर ने दुकान में रखे किसी अन्य कीमती सामान के बजाय शौक के सामान पर हाथ साफ करना बेहतर समझा।

चोरी का मेन्यू कार्ड क्या-क्या ले गया चोर?चोर की पसंद काफी ब्रांडेड निकली। वह दुकान से कोई एक-दो पुडिय़ा नहीं, बल्कि पूरा स्टॉक बटोर ले गया जिसमें मसाले का स्टॉक राजश्री के 5 पैकेट, विमल के 5 पैकेट और तानसेन के 2 पैकेट। प्रीमियम चॉइस सिग्नेचर का 1 पैकेट। सिगरेट की 10 डिब्बियां और बीड़ी का एक बंडल।

नाश्ते का इंतजाम:जाते-जाते चोर एक गैस भट्टी और 5 लीटर का भरा हुआ सिलेंडर भी ले गया (शायद कहीं सुकून से चाय बनाने के इरादे से)। कुल नुकसान फरियादी के मुताबिक, इस शौकीन चोरी में करीब 4,000 रुपये की चपत लगी है।

पुलिस की जांच शुरू:चोरी की इस अनोखी दास्तां ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि चोर शायद दाने-दाने में केसर का दम ढूंढ रहा था। हालांकि, दुकानदार भूरेलाल यादव के लिए यह बड़ी चपत है। शाढौरा पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मुखबिरों के जरिए उस शख्स की तलाश कर रही है, जिसे अचानक इतने सारे गुटके और सिगरेट की जरूरत पड़ गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार