home page

दोस्त की मुखबिरी से हुई 8 लाख की लूट, पुलिस ने पकड़े आरोपी

 | 

उज्जैन , 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में आठ लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पूरी साजिश फरियादी के ही दोस्त ने रची थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं, जबकि बाकी तीन लाख रुपये की तलाश जारी है।

चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया ने बताया कि नागेश्वरधाम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अनुराग आंजना शुक्रवार रात अपने दोस्त अनिरुद्ध सेन के साथ तराना से आठ लाख रुपये लेकर उज्जैन लौट रहा था। दोनों युवक एक्टिवा से शहर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सायरखेड़ी स्थित झमाझम कैफे के पास बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की हीरो एक्सट्रीम बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

बताया गया है कि बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ पहले विवाद किया और फिर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने एक्टिवा की डिक्की में रखे आठ लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अनुराग अपने दोस्त अनिरुद्ध के साथ चिमनगंज मंडी थाने पहुंचा और लूट की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही दोनों युवकों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को अनिरुद्ध सेन के बयानों में बार-बार विरोधाभास नजर आया। उसके बयान बदलते रहने से पुलिस को उस पर शक हुआ।

पुलिस ने जब अनिरुद्ध से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि लूट की इस वारदात का मास्टरमाइंड वही था। अनिरुद्ध को पहले से पता था कि अनुराग तराना से बड़ी रकम लेकर उज्जैन लौटने वाला है। उसने यह जानकारी अपने दोस्त रोहित बनोलिया को दे दी और रास्ते में लूट की योजना बनाई गई।

पुलिस जांच में पता चला कि रोहित बनोलिया ने अपने साथियों आलोक लोट उर्फ बुद्धा और यश सोलंकी के साथ मिलकर पूरी योजना तैयार की। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने बाइक की नंबर प्लेट हटा दी और चेहरे पर कपड़ा बांध लिया। इसके बाद सुनसान रास्ते पर दोनों युवकों को घेरकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित पिता राकेश बनोलिया निवासी तिरुपति धाम कॉलोनी, अनिरुद्ध सेन पिता धर्मेंद्र निवासी गुदरी चौराहा, आलोक लोट उर्फ बुद्धा निवासी भेरूगढ़ और यश सोलंकी निवासी बहादुरगंज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आठ लाख रुपये में से पांच लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। शेष तीन लाख रुपये की बरामदगी के लिए पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करेगी।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रोहित बनोलिया के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आलोक लोट उर्फ बुद्धा के खिलाफ सात अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल