home page

शहडोल: रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पर नायब तहसीलदार की गाड़ी को मारी टक्कर

 | 
शहडोल: रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पर नायब तहसीलदार की गाड़ी को मारी टक्कर


शहडोल: रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पर नायब तहसीलदार की गाड़ी को मारी टक्कर


शहडोल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में शनिवार को ब्यौहारी तहसील के बुढ़वा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचीं नायब तहसीलदार की शासकीय गाड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अंकिता पांडे शनिवार को क्षेत्र में अवैध रेत के कारोबार पर कार्रवाई करने निकली थीं। इसी दौरान ग्राम समान के पास उन्हें रेत से भरी एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। अधिकारी ने जब चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया, तो आरोपी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान ट्रैक्टर के पीछे लगा रेत लोड करने वाला हिस्सा टूटकर सीधे नायब तहसीलदार की सरकारी गाड़ी पर गिर गया, जिससे गाड़ी का भारी नुकसान हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक की पहचान बुढ़वा गांव के रहने वाले कृष्णा पाल बैस के रूप में हुई है। घटना की शिकायत देवलौंद थाने में दर्ज कराई गई है।

देवलौंद थाना प्रभारी जियाउल हक ने बताया कि बुढ़वा के कोखरा टोला नहर के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने सरकारी काम में रुकावट डालने और अवैध रेत परिवहन से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक और वाहन मालिक को जल्द पकड़ा जाएगा।

पूर्व में भी हो चुकी हैं घटनाएं

यह घटना बेहद गंभीर इसलिए भी है क्योंकि इस क्षेत्र में पहले भी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने गए एक पटवारी और एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को रेत माफिया कुचलकर मार चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से यह साफ है कि रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं और कार्रवाई करने वाली टीमों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला