विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
नोएडा, 27 मई (हि.स.)। थाना सेक्टर- 63 क्षेत्र के 25 फुटा रोड छिजारसी कॉलोनी में रहने वाली विवाहित पूजा पाल की हुई संदिग्ध मौत के मामले में उसके परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ बुधवार को दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त जोन (द्वितीय) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 63 के 25 फुटा रोड छीजारसी कॉलोनी में रहने वाली पूजा पाल ने 24 मई की रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में उसके पति अभिषेक पाल ने थाने में सूचना दी थी। शादी को अभी 6 माह हुए हैं। मृतका के परिजन बीती रात को नोएडा पहुंचे और आज सुबह इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है की पूजा पाल के पति अभिषेक, ससुर छत्रपाल, सास कमलेश और ननद करिश्मा ने दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या की है। उनका आरोप है की शादी के समय से ये लोग दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

