home page

उज्जैनः महाराष्ट्र के श्रद्धालु से प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर ठगी, प्रकरण दर्ज

 | 
उज्जैनः महाराष्ट्र के श्रद्धालु से प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर ठगी, प्रकरण दर्ज


उज्जैन, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाराष्ट्र से बाबा महाकाल के दर्शन करने आए 3 श्रद्धालु को प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी ने झांसा देकर 5 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

महाकाल थाना पुलिस ने शनिवार को बताया कि महाराष्ट्र निवासी शार्दुल कांबले, मानव गायकवाड़ और तन्मय भालेकर 13 मई को उज्जैन पहुंचे थे। आरोप है कि आरोपी आशुतोष शर्मा ने खुद को प्रोटोकॉल दर्शन कराने वाला अधिकारी बताते हुए नंदी हॉल में विशेष दर्शन कराने का आश्वासन देकर उनसे 5 हजार रुपये गूगल-पे के माध्यम से ट्रांसफर करवा लिए। कुछ देर बाद एक गार्ड उन्हें लेने आया और बैरिकेड्स तक छोड़कर चला गया। काफी देर इंतजार करने के बावजूद जब उन्हें नंदी हॉल से दर्शन नहीं कराए गए, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रशासन से शिकायत की। मंदिर समिति ने इस मामले में जांच की तो सामने आया कि आरोपी ने प्रोटोकॉल दर्शन की बुकिंग भी कराई थी। जिसके बाद महाकाल थाना पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल