home page

उज्जैनः ट्रेन में मोबाइल चोरी करने आए बदमाश ने यात्री को चाकू मारा

 | 
उज्जैनः ट्रेन में मोबाइल चोरी करने आए बदमाश ने यात्री को चाकू मारा


उज्जैन, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बुधवार को रणथंभौर एक्सप्रेस में मोबाइल चुराकर भाग रहे बदमाश को जब यात्री ने पकडऩे का प्रयास किया तो उसने अचानक यात्री पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकला। हमलावर चाकू भी वहीं छोड़ गया। सूचना मिलने पर उज्जैन में जीआरपी और आरपीएफ ने आरोपी की तलाश में सर्चिंग की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिल सका।

बुधवार सुबह रणथंभौर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार इंदौर के इमली बाजार निवासी राहुल पिता बजरंग लाल की सीट के पास एक यात्री का मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। इसी दौरान काले रंग की जैकेट पहने एक युवक वहां पहुंचा और मोबाइल लेकर जाने लगा। मोबाइल चोरी करते देख राहुल ने बदमाश को पकड़ लिया। दोनों के बीच खींचतान हुई तो आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाश ने चाकू वहीं छोड़ दिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। घटना देवास स्टेशन के पास की बताई जा रही है। इस दौरान कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने घायल व्यक्ति की मदद की। सूचना मिलने के पुलिस ने घायल राहुल को देवास में उपचार के लिए ट्रेन से उतारा।

बदमाश को तलाश रही पुलिसघटना की सूचना उज्जैन जीआरपी और आरपीएफ को मिली तो दोनों टीमों ने बताए गए हुलिए के आधार पर तलाशी अभियान शुरू किया। रेलवे परिसर और आसपास के संभावित स्थानों पर आरोपी को तलाशा गया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पुलिस आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। टीआई सुनील गुप्ता ने बताया कि घायल यात्री ने फिलहाल मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार किया है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर पर घटना की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल