home page

पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाला 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाला 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार


नोएडा, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले की थाना दादरी पुलिस ने शुक्रवार की बीती रात को मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी है।

थाना प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि बीती रात को थाना पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी एक बदमाश बाइक पर सवार होकर आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह रुकने की बजाए भागने लगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीछा करके उसे घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और बदमाश के पैर में जा लगी। उन्होंने बताया कि उसकी पहचान एटा निवासी अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोले के रूप में हुई है। बदमाश पर पूर्व में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह लूटपाट के मामले में वांछित था।

थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश ने एक पुलिसकर्मी को कार में लिफ्ट देकर अपने साथियों के संग मिलकर लूटपाट की थी। उसके कई साथियों को पूर्व में पुलिस ने गिरफ्तार किया था, वह तभी से फरार चल रहा था। पुलिस बदमाश के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी