महिला को चाकुओं से गोदकर सिरफिरे प्रेमी ने मौत को गले लगाया
झांसी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पूर्वाह्न एक महिला को सनकी प्रेमी ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मरणासन्न कर दिया। हमलावर ने पुलिस से बचने का काफी प्रयास किया, लेकिन पुलिस का शिकंजा कसता देख आरोपित ने जुगनू मैरिज हॉल के पास फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में महिला का मेडिकल कॉलेज में उपचार किया जा रहा है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ निवासी राकेश साहू ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी पत्नी माया देवी अपराह्न करीब 11 बजे घर पर बेटी को तैयार कर रही थी। तभी आरोपित महेंद्र साहू उसके घर के अंदर घुस आया और अंदर से दरवाजा बंद कर चाकू से माया के ऊपर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला। मासूम बच्ची यह देख घबरा गई और दौड़कर छत पर चढ़ गई। उसने छत से शोर मचाते हुए पड़ोस के लोगों को अपनी मां की सहायता के लिए बुलाया। यह देख हमलावर महेन्द्र वहां से भाग निकला। दिन दहाड़े महिला को चाकुओं से गोदने की घटना से पूरे इलाक़े में सनसनी फैल गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची प्रेमनगर थाना पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया और आरोपित की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपित महेंद्र साहू माया देवी का रिश्तेदार है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व महेंद्र के साथ मायादेवी अपने छोटे बच्चे के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बीस दिन रहने के बाद वापस मायादेवी अपने पति के साथ रहने लगी थी। लेकिन मायादेवी और महेंद्र की फोन पर होने वाली बातों को लेकर घर में लगातार विवाद होता रहता था। जिस पर पति ने मायादेवी की महेंद्र से फोन पर बातचीत भी बंद करवा दी थी। इस बात से आक्रोशित होकर महेंद्र शनिवार अपराह्न हाथ में चाकू लेकर माया के घर पहुंचा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर जख्मी कर दिया। पुलिस की सरगर्मी और घेराबंदी देख महेंद्र घबरा गया और प्रेमनगर थाना से कुछ दूरी पर स्थित जुगनू मैरिज हॉल के पास स्थित पत्थर की टाल के समीप उसने रस्सी का फंदा बनाकर गले में डालकर आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. शमीम कुरैशी ने बताया-माया देवी को घायल हालत में पुलिस लेकर आई थी। उसके सीने, पेट, गर्दन, मुंह और हाथों पर चाकू से वार किए गए हैं। उसकी हालत बेहद नाजुक है। डॉक्टरों की देख-रेख में उसका इलाज किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

