home page

पत्नी से प्रेम संबंध में बाधा बना तो चचेरे भाई ने श्रवण को मार डाला

 | 
पत्नी से प्रेम संबंध में बाधा बना तो चचेरे भाई ने श्रवण को मार डाला


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। बिंदायका थाना इलाके में धानक्या रेलवे ट्रैक के पास मिले श्रवण सिंह (34) के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए उसके चचेरे भाई भवानी सिंह उर्फ कालू (28) को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित के मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध थे। इसी संबंध में बाधा बनने के कारण उसने श्रवण की हत्या की साजिश रची। वारदात को ट्रेन हादसा दिखाने के लिए शव के पास से उसकी चप्पलें और बैग दूर फेंक दिए थे।

डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 30 अक्टूबर को धानक्या फाटक के पास जयपुर-फुलेरा रेलवे लाइन के नजदीक एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान झुंझुनूं जिले के गोविंदपुरा मेहाड़ा निवासी श्रवण सिंह के रूप में हुई। वह मकराना में रेलवे ठेकेदार के पास काम करता था। सूचना पर डीसीपी पश्चिम, एसीपी बगरू धर्मेंद्र कुमार, बिंदायका थानाधिकारी अनिल जैमिनी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाधिकारी अनिल जैमिनी के अनुसार श्रवण 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन अपने चचेरे भाई भवानी के साथ मकराना से गांव जाने के लिए निकला था। दोनों रास्ते में फुलेरा उतर गए। वहां से लिफ्ट लेकर शाम करीब 6:30 बजे धानक्या पहुंचे। इसके बाद रेलवे ट्रैक के पास बैठकर दोनों ने शराब पार्टी की।

जांच में सामने आया कि शराब पीने के बाद ट्रेन आती देखकर भवानी ने श्रवण को रेलवे ट्रैक की ओर धक्का दे दिया। ट्रेन से टकराकर श्रवण दूर जा गिरा, लेकिन उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी ने पास पड़े पत्थर और लोहे की पत्ती से उसके सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपित ने श्रवण की चप्पलें और बैग शव से दूर फेंक दिए, ताकि घटना ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना लगे। इसके बाद वह मोबाइल बंद कर वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपित धानक्या गांव होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा।

पुलिस ने जयपुर फुलेरा, रेवाड़ी और झुंझुनूं जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। धानक्या रेलवे फाटक के कैमरे में संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने झुंझुनूं जिले के मिहांडा थाना क्षेत्र से भवानी सिंह को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी श्रवण की पत्नी से बातचीत होती थी और इसकी जानकारी श्रवण को हो गई थी। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और श्रवण को बातों में उलझाकर रेलवे ट्रैक तक ले गया। वारदात के बाद आरोपित ने श्रवण की पत्नी को फोन कर हत्या की जानकारी भी दी थी। पुलिस अब इस मामले में पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश