home page

तीन घंटे चली ए श्रेणी नाकाबंदी, 809 वाहनों की जांच

 | 
तीन घंटे चली ए श्रेणी नाकाबंदी, 809 वाहनों की जांच


जोधपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। पुलिस आयुक्तालय जोधपुर ने अपराध, अवैध गतिविधियों एवं सडक़ दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार शाम शहरभर में ए श्रेणी हथियारबंद नाकाबंदी अभियान चलाया। शाम सात से रात दस बजे तक चले तीन घंटे के विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) शहीन सी के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व एवं पश्चिम) एवं सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना लाइसेंस, तेज गति, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना नंबर प्लेट, अवैध बंपर, काले शीशे, मॉडिफाइड व फैंसी नंबर प्लेट, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 809 संदिग्ध वाहनों की चैकिंग कर 17 चालकों के विरुद्ध धारा 185 एमवी एक्ट, 28 अवैध बंपर लगे वाहन, 47 काले शीशे फिल्म लगे वाहन, 15 मॉडिफाइड/फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन पर अन्य एमवी एक्ट में कुल 238 चालान बनाए गए। वहीं राजकोप ऐप के माध्यम से 292 संदिग्ध व्यक्तियों का फोटो मिलान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश