home page

सात लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज

 | 
सात लोगों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज


घटना के बाद थाने आए पीड़ितों को पुलिस पर था भगाने का आरोप

हमीरपुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के मुंडेरा गांव के पास लूट की घटना में आखिरकार पुलिस को मुकदमा दर्ज करना पड़ा। पहले मारपीट और विवाद बताकर मामले को टालने की कोशिश की गई, लेकिन पीड़ित के लगातार दबाव के बाद पुलिस ने सोमवार को सात लोगों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया।

सिसोलर थाना क्षेत्र के किसवाही निवासी रोहित कुमार परिवार के साथ बच्चे का मुंडन कराने इको वैन से चित्रकूट जा रहा था। उसके साथ बहन सोमवती, चाची राजेश्वरी समेत अन्य परिजन भी थे। आरोप है कि मुंडेरा गांव के पास वाहन रोककर गांव के रमैया, हरिशंकर, सोनू के दो अज्ञात भाइयों और तीन महिलाओं ने हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट की गई और 30 हजार रुपये नकद, बहन सोमवती का हार व मंगलसूत्र लूट लिया गया। घटना के बाद पीड़ित ने पीआरवी को सूचना दी। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई के बजाय पीड़ित को ही धमकाया और थाने पहुंचने पर भी मदद नहीं मिली। रोहित का आरोप है कि पुलिस ने घटना सुनने के बाद कार्रवाई करने के बजाय थाने से लौटा दिया। पीड़ित चित्रकूट से लौटने के बाद फिर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पर अड़ गया। इसके बाद पुलिस ने मुंडेरा गांव के सात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 310 (2) के तहत लूट का मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने सोमवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा