जींद : झगड़े में दर्ज एफआईआर से खफा व्यक्ति ने की आत्महत्या
जींद, 04 अप्रैल (हि.स.)। गांव जुलानी में जमीन विवाद के चलते झगड़े का दर्ज मुकदमे से खफा व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत मृतक के मां-बाप तथा दो भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
गांव जुलानी निवासी सुरेंद्र ने शनिवार को अपने खेत में जाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसे गंभीर हालात मे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के बेटे कर्मजीत ने पुलिस को बताया कि उनका जमीन को लेकर उसके चाचा जसमेर के साथ झगड़ा हो गया। पुलिस ने पिता सुरेंद्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। गत तीन मार्च को उसके पिता सुरेंद्र को थाने में बुलाया गया था। वह सुबह उठा और खेत में पहुंच गया। जहां पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जसबीर तथा उसका परिवार उनकी जमीन को नहीं छोड़ रहे थे। जिसकी वजह से झगड़ा हुआ। कर्मजीत ने आरोप लगाया कि उसके चाचा जसमेर, जसबीर, दादा महेंद्र, दादी धनपति सेे परेशान होकर उसके पिता ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
सदर थाना के जांच अधिकारी सुमन ने बताया कि पुलिस ने कर्मजीत की शिकायत पर जसमेर, जसबीर, महेंद्र तथा धनपति के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

