home page

प्रतापगढ़ सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत परिवार के सदस्यों पर सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज

 | 

प्रतापगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)।समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करेंटी और मऊदारा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित फर्जी आहरण और गबन के आरोप में पूर्व जिलाध्यक्ष समेत परिवार के लोगों पर दो अलग-अलग मुकदमे गुरुवार रात दर्ज किए गए हैं। दोनों मामलों की जांच सीओ कुंडा कर रहे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने शुक्रवार को बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2026-27 के बीच ग्राम करेंटी एवं ग्राम मऊदारा में विकास कार्यों से संबंधित अभिलेखों में कथित हेराफेरी कर कूटरचित मास्टर रोल तैयार किए गए। आरोप है कि मजदूरी के नाम पर सरकारी धन का फर्जी तरीके से आहरण कर उसका गबन किया गया। दोनों प्रकरणों में पत्नी छविनाथ यादव, पत्नी प्रियंका यादव, भाई अंकित उर्फ दीपक यादव, अजित यादव सहित अन्य पर संगठित तरीके से सरकारी धन के गबन का अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

दर्ज मुकदमों में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूरा खेल जिला जेल कासगंज में निरुद्ध अभियुक्त छविनाथ यादव के इशारे पर एक संगठित गिरोह द्वारा किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच की जिम्मेदारी सीओ कुंडा को सौंपी है। जांच में अभिलेखों, मास्टर रोल, भुगतान से संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने के बाद सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी