पति समेत ससुराल के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज
लाखों रुपये दहेज में न देने पर विवाहिता को मारने की कोशिश
हमीरपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में दहेज में लाखों रुपयों व भैंस की मांग कर रहे ससुरालीजनों ने मांग पूरी न होने पर बहू के साथ मारपीट घर से बाहर निकाल दिया। वहीं पति पर फांसी लगाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया। गुरुवार को पीड़िता ने थाने में ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है।
बिवांर थाना क्षेत्र के कल्ला धनपुरा गांव निवासी साधना पुत्री रमाशंकर ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि जनपद जालौन थाना कालपी के दौलतपुर गांव के शैलेंद्र के साथ 26 मई 2024 को शादी हुई थी। पिता ने अपने सामर्थ्य के हिसाब से दहेज दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज कम मिलने का ताना मारते हुए उत्पीड़न करने लगे। ससुरालीजन मायके से पांच लाख रुपये व एक भैंस लाने का दबाव बनाने लगे। महिला के असमर्थता जताने पर पति शैलेंद्र, जेठ पंकज, दीपक, नीरज, ननद ममता, नंदोई कमलेश अभद्रता कर आए दिन मारपीट करते हुए प्रताड़ित करने लगे। एक दिन कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे हालत गंभीर हो गई। जिसका उपचार कराया। वहीं 19 जून 2025 को पति ने फांसी लगाकर मारने की कोशिश की। वह किसी तरह बचकर कमरे से बाहर निकल गई तो ससुरालीजनों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में शरण लिए हुए है। महिला ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने गुरुवार को बताया कि महिला की तहरीर मिली है, जांच कर उसके ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

