कमर में खोंसे अवैध तमंचे से चली गोली, युवक गंभीर घायल
हमीरपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने का मामला बुधवार को सामने आया है। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बंडवा गांव निवासी 32 वर्षीय अरविंद अपने भाइयों राजू और धर्मेंद्र के साथ कीरतपूरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। बुधवार को तीनों एक ही मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक गोली चल गई, जिससे अरविंद घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अरविंद ने अपनी कमर में एक लोडेड अवैध तमंचा खोंस रखा था। चलते समय अचानक तमंचे से फायर हो गया और गोली उसके पेट में जा लगी। घटना के बाद उसके भाई राजू पाल और धर्मेंद्र उसे तुरंत सीएचसी मुस्करा लेकर पहुंचे। शुरुआत में उन्होंने चिकित्सकों को घटना की सही जानकारी नहीं दी, लेकिन बाद में पुलिस तक मामला पहुंचने की आशंका पर पूरी सच्चाई बता दी। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत के अनुसार, युवक के पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है। गोली का एंट्री पॉइंट तो मिला है, लेकिन एग्जिट पॉइंट नहीं मिला, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध हथियार के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की तैयारी में है। थाना प्रभारी यूपी सिंह ने बताया कि गोली लगने से एक युवक घायल हुआ है जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया कि घटना की जांच कराकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

