साइबर ठगाें ने निवेश के नाम पर रिटायर्ड इंजीनियर से 75 लाख ठगे
नोएडा, 03 मई (हि.स.)। शेयर मार्केट मे निवेश पर मोटा मुनाफे का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने टेलीकॉम विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर से 75 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हैमलेट सोसाइटी में रहने वाले बुजुर्ग आलोक सहदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 25 फरवरी 2026 को उन्हें व्हाट्सऐप पर एक निवेश ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप का नाम वेल्थ एलायंस बताया गया, जिसमें शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफे का दावा किया गया था। ग्रुप के लोगों लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट और ट्रेडिंग की जानकारी साझा की करते थे। जिससे उसे भरोसा पैदा हुआ। ग्रुप से जुड़े लोगों ने एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया और बताया कि इसके जरिए भारतीय शेयर बाजार और विदेशी बाजार में निवेश किया जा सकता है। शुरुआत में पीड़ित ने छोटी राशि निवेश की और उन्हें आठ हजार रुपये का लाभ भी दिखाया गया, जो उनके खाते में वापस भी आया। इससे उनका विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद आरोपिताें ने उन्हें बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उन्हें बताया गया कि न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना जरूरी है और आईपीओ में निवेश करने पर भारी लाभ मिलेगा। धीरे-धीरे पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। आरोपिताें ने यह भी झांसा दिया कि उनके शेयर ज्यादा मात्रा में अलॉट हो गए हैं और अगर अतिरिक्त पैसा जमा नहीं किया गया तो खाता फ्रीज कर दिया जाएगा। जब पीड़ित ने और पैसे देने से मना किया, तो उनका ऐप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया और उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप से भी हटा दिया गया। ऐप पर दिखाया जा रहा पूरा मुनाफा भी गायब हो गया। इस तरह कुल 75 लाख 64 हजार 47 रुपये की ठगी कर ली गई। यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई थी।
डीसीपी ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि किन-किन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है। उन खातों को फ्रिज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

