जन्मदिन की पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर चाकू से वार कर हत्या, परिजनों मे आक्रोश
गाजियाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके के शांतिनगर में बुधवार रात ढाई बजे को 22 वर्षीय मोहित शर्मा की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल ने गुरुवार काे बताया कि मोहित का मोहल्ले के कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने घर के पास सुनसान जगह पर बुलाया था। बुधवार की देर रात करीब ढाई बजे मोहित और चार-पांच युवकों ने वहां शराब पी। पार्टी के दौरान ही हमलावरों ने मोहित के पेट, छाती और गले पर धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में मोहित की आंतें भी बाहर आ गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले युवकों के बीच झगड़ा हुआ था।
उस झगड़े में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और दोस्ती भी हो गई थी। इसके बावजूद, पुरानी रंजिश के चलते आरोपी मोहित को खाटू श्याम जी और हरिद्वार भी ले गए थे। हालांकि, वे वहां हत्या करने में सफल नहीं हो पाए थे। बाद में उन्होंने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर मोहित को बुलाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। मोहित की हत्या के बाद परिजनों और बस्ती के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
उन्होंने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर राजमार्ग जाम कर दिया। मौके पर पांच थाना पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के आश्वासन के बाद करीब 35 मिनट बाद जाम खुलवाया जा सका। पुलिस अब हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

