जांच चौकी पर कार से 98.640 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
बिहार-झारखंड सीमा पर नवादा में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, शराब ढोने में इस्तेमाल लग्जरी कार जब्त
नवादा, 06 सितंबर (हि.स.)।बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित समेकित जांच चौकी चित्रकोली में उत्पाद विभाग की टीम ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 98.640 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही कार को भी उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान कार सवार एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उससे शराब की खेप और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
उत्पाद चेकपोस्ट पदाधिकारी अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक लग्जरी कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही चित्रकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ा दी गई। इस दौरान झारखंड की ओर से बिहार की सीमा में प्रवेश कर रही एक संदिग्ध लग्जरी कार को जांच के लिए रोका गया।
कार की गहन तलाशी लेने पर उसके अंदर अलग-अलग कंपनियों की विदेशी शराब बरामद हुई। उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद शराब की मात्रा 98.640 लीटर बताई है। शराब बरामद होने के बाद कार सवार व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान झारखंड के बोकारो जिले के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित झोपड़ी कॉलोनी निवासी स्वर्गीय बैजनाथ राय के करीब 43 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अधिकारी उससे यह पता लगाने में जुटे हैं कि शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही JH10 6006 नंबर की लग्जरी कार को भी उत्पाद विभाग ने जब्त कर लिया है। बरामद शराब और जब्त वाहन को विभागीय प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद झारखंड से सटे सीमावर्ती इलाकों के रास्ते शराब की तस्करी की कोशिश की जाती है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए चित्रकोली जांच चौकी पर लगातार वाहनों की सघन जांच और निगरानी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

