अनूपपुर: कार से गांव के रास्ते ले जाई जा रही 97 लीटर अवैध शराब जब्त, दाे तस्कर गिरफ्तार
अनूपपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से गांव के रास्ते ले जाई जा रही 9 कार्टून में कुल 97.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की। जिसकी कीमत 37,620 रुपए बताई गई हैं। कार में सवार दो लोगो को गिरफ्तार कर धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
प्रभारी वीरेंद्र कुमार बरकड़े ने रविवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि किरर घाट की ओर से कार में शराब करौंदी गांव की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार चालक सोनहरा गांव की ओर भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने सोनहरा डैम के पास कार क्रमांक एमपी 20 सीएस 7976 को रोका, जिसमें 27 वर्षीय राजेश कुमार नायक, निवासी भरनी अमरकंटक और 35 वर्षीय कृष्ण पाल बंजारा निवासी लपटी अमरकंटक सवार थे। गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 9 कार्टून मिले। इनमें कुल 97.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर मिली। जब्त शराब की कीमत 37,620 रुपए बताई गई है।
दस्तावेज नहीं मिले, कार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों से शराब के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद शराब के साथ करीब 4 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त कर ली गई। प्रत्येक बैच से 3-3 नग, कुल 12 नग सैंपल निकालकर बाकी शराब को सील किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

