टैंकर में भरे 93 पेटी विदेशी शराब बरामद,दो तस्कर गिरफ्तार
नवादा, 29 जुलाई (हि.स.)।नवादा जिले के गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी के समीप बुधवार की दोपहर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दूध ढोने वाली एक गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. इस दौरान दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया.
उत्पाद विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि झारखंड की ओर से एक दूध की गाड़ी में विदेशी शराब छिपाकर बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी के पास घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. कुछ देर बाद वाहन वहां पहुंचा. संदेह के आधार पर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद मौके पर ही चालक एवं एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपितों मे बेगूसराय जिले के रहने वाले सिंटू कुमार तथा अंगद कुमार शामिल है.
एसआई अशोक कुमार ने बताया कि जब्त वाहन से कुल 93 पेटी में 849 लीटर विदेशी शराब था. शराब झारखंड से बेगूसराय जा रही थी.
उत्पाद विभाग ने जब्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर दोनों गिरफ्तार आरोपितों के साथ नवादा स्थित उत्पाद कार्यालय भेज दिया है. वहां बरामद शराब की गिनती एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी तथा इसे बिहार में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

