आगरमालवा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 901 लीटर शराब जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार
आगरमालवा, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नलखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 901.68 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4.24 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 16 जून को सूचना मिली थी कि ग्राम गुराखेड़ी में एक व्यक्ति अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पेटी मसाला लाल शराब और चार पेटी देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान ग्राम गुराखेड़ी निवासी मुकेश कुमार यादव के रूप में बताई। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम डिगोन स्थित एक मकान पर दबिश दी। वहां एक बंद कमरे की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण मिला।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 47 पेटी देशी प्लेन शराब, 16 पेटी मसाला लाल शराब, 14 पेटी बीयर कैन, 10 पेटी ग्लोबल ग्रीन शराब तथा 2 पेटी ब्लैक जगुआर शराब बरामद की। कुल मिलाकर 901.68 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपित मुकेश कुमार यादव (45) निवासी ग्राम गुराखेड़ी, थाना नलखेड़ा के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अवैध शराब के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

