शहडोल: ओडिशा से राजस्थान जा रहा गांजा स्टेशन पर 8.6 किलो जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
शहडोल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल रेलवे स्टेशन में ओडिशा से लाये जा रहे गांजा को गुरुवार-शुक्रवार की रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने 8 किलो 600 ग्राम गांजा जब्त किया है। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है। जो राजस्थान जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशन पर रात नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन के अंतिम छोर पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए, जो कटनी की ओर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए टीम ने दोनों से पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से 8 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा मिलने के बाद दोनों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के कालाहांडी जिले निवासी 40 वर्षीय भक्ता मेहर और 38 वर्षीय राजकुमार निहाल (38) के रूप में हुई है। जीआरपी प्रभारी आरएम झारिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने यह गांजा ओडिशा से राजस्थान ले जाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस गांजे के सप्लायर और राजस्थान में इसके खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है।
मनीष शुक्ला
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

